उरई: 56 लाख से अधिक कीमत के मादक पदार्थ नष्ट, ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
उप्र की जालौन पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन दहन' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद करीब 56.01 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को न्यायालय की अनुमति के बाद नष्ट कर दिया।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र की जालौन पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन दहन' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद करीब 56.01 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को न्यायालय की अनुमति के बाद नष्ट कर दिया।
पुलिस महानिदेशक उप्र के निर्देशन, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के पर्यवेक्षण तथा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में मंगलवार को जनपद स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 09 अभियोगों से संबंधित 102.049 किलोग्राम मादक पदार्थ का राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई स्थित इन्सिनेरेटर (भट्टी) में वैज्ञानिक तरीके से विनष्टीकरण कराया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 102.024 किलोग्राम गांजा और 25 ग्राम स्मैक शामिल है। पुलिस के अनुसार इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 56 लाख 01 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि 1 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक चलाए गए 'ऑपरेशन दहन' अभियान के अंतर्गत जनपद में अब तक तीन चरणों में कुल 1627 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 71 लाख 08 हजार 880 रुपये है।
जालौन पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


