लखनऊ: आयुष्मान भारत योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान को मिला सम्मान

डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ को आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने

लखनऊ: आयुष्मान भारत योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान को मिला सम्मान
Published By- Diwaker Mishra

लखनऊ से शैलेंद्र शर्मा की रिपोर्ट 

लखनऊ/जनमत न्यूज़। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ को आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा योजना के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS), उत्तर प्रदेश द्वारा सम्मानित किया गया।

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी संस्थानों की श्रेणी में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने अपनी उल्लेखनीय सेवाओं एवं आयुष्मान लाभार्थियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए विशेष पहचान बनाई है।

साथ ही संस्थान को पूरे प्रदेश में सरकारी चिकित्सालयों में आयुष्मान भारत  योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में सर्वाधिक प्री-एथाराइजेशन करने के लिए भी सम्मानित किया गया है। संस्थान द्वारा अब तक 57,000 से अधिक रोगियों की चिकित्सा हेतु प्री-एथाराइजेशन किया गया है।

लोहिया संस्थान लखनऊ का अकेला सरकारी संस्थान है जिसको आयुष्मान भारत में रोगियों की चिकित्सा हेतु सम्मानित किया गया है। साथ ही पूरे प्रदेश में यह इकलौता सरकारी संस्थान है जिसको 2 श्रेणियों में सम्मान प्राप्त हुआ है ।

संस्थान की ओर से यह सम्मान डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के प्रतिनिधियों द्वारा ग्रहण किया गया। यह उपलब्धि संस्थान द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयुष्मान भारत योजना से जुड़े चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पूरी टीम को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्थान की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सेवा भावना का परिणाम है और भविष्य में भी संस्थान मरीजों के हित में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।