हरदोई: तेज रफ्तार लोडर ने छीनी दो जिंदगियां, स्कूटी सवार दो युवकों की मौत; परिवारों में मचा कोहराम
उप्र के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
गोपालपुर के पास तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की मेडिकल कॉलेज हरदोई पहुंचने पर मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कस्बा पाली के मोहल्ला काजी सराय उत्तरी निवासी बबलू पुत्र स्वर्गीय सफी अहमद अपने दोस्त इशरत पुत्र साबिर अली के साथ सोमवार को किसी काम से शाहाबाद गए थे। शाम को दोनों एक ही स्कूटी से वापस लौट रहे थे।
जैसे ही वे गोपालपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बबलू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इशरत गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल इशरत को मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया, लेकिन वहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि बबलू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था और बरगद तिराहे के पास स्थित एक जूते के कारखाने में काम कर परिवार का सहारा बना हुआ था।
उसकी मौत की खबर मिलते ही दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं इशरत की मौत से उसके परिवार में भी मातम छा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लोडर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।


