प्रतापगढ़ में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, अंतरजनपदीय लुटेरा गिरफ्तार

फतनपुर थाना क्षेत्र के नारायनपुर नहर के पास पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में लूट के अंतरजनपदीय कुख्यात बदमाश रवि पासी उर्फ रवि भारतीय को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।

प्रतापगढ़ में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, अंतरजनपदीय लुटेरा गिरफ्तार
REPORTED BY - VIKAS GUPTA, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जिले में ऑपरेशन लगड़ा के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फतनपुर थाना क्षेत्र के नारायनपुर नहर के पास पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में लूट के अंतरजनपदीय कुख्यात बदमाश रवि पासी उर्फ रवि भारतीय को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को सीएचसी से प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बदमाश के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड फोन और 6,800 रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार बदमाश रवि पासी पर लूट, चोरी, अपहरण, मारपीट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में 2 सितम्बर को फतनपुर क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर 4 अज्ञात बदमाशों ने 25,000 रुपये की लूट की थी, जिसमें रवि पासी की संलिप्तता सामने आई थी।

प्रतापगढ़ एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की और बदमाश को पकड़ने में सफलता पाई।इस मुठभेड़ से पुलिस ने जिले में आपराधिक घटनाओं पर बड़ा प्रहार किया है।