मिर्जापुर में ढाई करोड़ का पीपा पुल बहा, विकास के दावों पर उठे सवाल

लोगों का कहना है कि पीपा पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं। पुल से रोजाना सैकड़ों लोग एक किनारे से दूसरे किनारे तक आवागमन करते हैं। ऐसे में पुल का बह जाना कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकता है।

मिर्जापुर में ढाई करोड़ का पीपा पुल बहा, विकास के दावों पर उठे सवाल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

मिर्जापुर/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार जहां प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं मिर्जापुर जिले में इन दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। गंगा नदी पर लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया पीपा पुल बह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि यह मामला मझवां विधानसभा क्षेत्र के नेवड़िया घाट का है, जहां बना पीपा पुल अचानक बह गया। इससे पहले भी करीब 10 दिन पहले हरसिंहपुर घाट का पीपा पुल बह गया था, जिसे अभी तक पूरी तरह दुरुस्त भी नहीं किया गया था कि दूसरी घटना सामने आ गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी गंगा नदी पर पीपा पुल बनाए जाते थे, जो गंगा दशहरा तक मजबूती से चलते थे और जरूरत पड़ने पर बीच से खोलकर जलमार्ग के लिए रास्ता दिया जाता था। उस समय पुलों की व्यवस्था मजबूत रहती थी, लेकिन अब पुल बनने के कुछ ही समय बाद बह जा रहे हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि पीपा पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं। पुल से रोजाना सैकड़ों लोग एक किनारे से दूसरे किनारे तक आवागमन करते हैं। ऐसे में पुल का बह जाना कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण ऐसी स्थिति पैदा हो रही है।

मिर्जापुर जिले में गंगा नदी के दोनों किनारों पर बसे क्षेत्रों को जोड़ने के लिए ऐसे लगभग तीन पीपा पुल बनाए गए हैं, जो लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन हैं। पुल टूटने के बाद लोगों को लगभग 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर पक्के पुल से होकर जाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस मामले में उच्च अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो कोई भी स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा।