उरई में जानलेवा साबित हुई सड़क की बदहाली, गांव तक नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस; बुजुर्ग की मौत

उप्र के उरई जिले के कदौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत परासन के मजरा कुइयाझोर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। 58 वर्षीय सरमन की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

उरई में जानलेवा साबित हुई सड़क की बदहाली, गांव तक नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस; बुजुर्ग की मौत
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जिले के कदौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत परासन के मजरा कुइयाझोर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। 58 वर्षीय सरमन की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मुख्य सड़क तक तो पहुंच गई, लेकिन लगातार बारिश के चलते कच्चा रास्ता दलदल में तब्दील होने से गांव तक नहीं पहुंच सकी।

इसके बाद मजबूर परिजनों और ग्रामीणों ने सरमन को चारपाई पर लिटाकर करीब 300 मीटर तक कीचड़ और दलदल के बीच चारपाई को कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाया गया लेकिन तबतक देर हो चुकी थी । परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांव का संपर्क लगभग कट जाता है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भी चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने गांव तक पक्की सड़क और पुलिया बनवाने की मांग करते हुए कहा कि खराब सड़क व्यवस्था के कारण हर वर्ष ऐसी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब ग्रामीण प्रशासन से गांव तक पक्की सड़क और बेहतर आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।