कन्नौज में फिर शुरू हुआ पोस्टर वॉर, “महिला विरोधी सपाई” लिखे पोस्टर से बढ़ी सियासी सरगर्मी

शहर में पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए पोस्टरों को फाड़ दिया।

कन्नौज में फिर शुरू हुआ पोस्टर वॉर, “महिला विरोधी सपाई” लिखे पोस्टर से बढ़ी सियासी सरगर्मी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —

कन्नौज/जनमत न्यूज। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर राजनीतिक पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। कन्नौज में सोमवार को “महिला विरोधी सपाई” लिखे पोस्टर लगाए जाने से सियासी माहौल गरमा गया। पोस्टरों में अखिलेश यादव और आजम खान की तस्वीरें भी लगाई गई थीं।

शहर में पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए पोस्टरों को फाड़ दिया। इस दौरान क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। सपा कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी की छवि खराब करने की साजिश बताया।

स्थानीय लोगों के बीच पोस्टर चर्चा का विषय बने रहे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पोस्टर किसने लगाए थे। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और आगामी चुनाव को लेकर बयानबाजी का दौर भी शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।