तालाब में गिरी सफारी, युवक की मौत

अचानक वाहन के अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी या चालक की चूक की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तालाब में गिरी सफारी, युवक की मौत
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। जनपद के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरा बेलाश गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारात में जा रही एक सफारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटते हुए गांव के तालाब में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि वाहन में मथुरा बेलाश गांव निवासी दो लोग सवार थे। मनोज यादव पुत्र चिनकन यादव (उम्र लगभग 21 वर्ष) की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। वहीं शंकर वर्मा पुत्र रमन वर्मा (उम्र लगभग 55 वर्ष) को ग्रामीणों द्वारा तत्काल बचाव कर सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना गौरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गाड़ी पूरी तरह तालाब में डूबी हुई है, जिसे सुबह क्रेन की सहायता से बाहर निकलवाया जाएगा।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अचानक वाहन के अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी या चालक की चूक की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।