प्रतापगढ़ में प्रेम विवाह के चलते युवक की हत्या, पुलिस हर पहलू से कर रही है जांच
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में प्रेम विवाह के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। जेठवारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में प्रेम विवाह के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। जेठवारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह वारदात जेठवारा थाना क्षेत्र के चंदन का पुरवा गांव की है। मृतक की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह गांव में था, तभी हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल राजू को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रेम विवाह के चलते हुई हत्या
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू सिंह ने कुछ दिन पहले ही प्रेम विवाह किया था। शुरुआती जांच में इसी विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।


