प्रतापगढ़: उमर अहमद के काफिले से जुड़ी दो लग्जरी स्कॉर्पियो-एन बरामद, हथिगवां पुलिस की कार्रवाई तेज
माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले से जुड़ी दो लग्जरी स्कॉर्पियो-एन गाड़ियों को उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस ने बरामद कर लिया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले से जुड़ी दो लग्जरी स्कॉर्पियो-एन गाड़ियों को उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस ने बरामद कर लिया है।
हथिगवां थाना क्षेत्र के अख्तयारी कोटिला टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद, टोल बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों को वाहन से कुचलने के प्रयास के आरोपों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहन प्रयागराज जनपद से बरामद किए गए हैं।
मामले में टोल प्लाजा के मैनेजर मो. इसहाक की शिकायत पर थाना हथिगवां में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर काफिले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
टोल शुल्क को लेकर हुआ था विवाद बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे उमर अहमद के काफिले में शामिल कुछ वाहनों में सवार लोगों का अख्तयारी कोटिला टोल प्लाजा के कर्मचारियों से टोल शुल्क को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और दबंगई की गई।शिकायत के अनुसार, काफिले में शामिल कुछ वाहनों ने टोल बैरियर तोड़ दिया और बिना टोल शुल्क दिए आगे निकल गए।
टोल कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ वाहनों को उनकी ओर तेजी से बढ़ाकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया गया। मैनेजर की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा घटना के बाद टोल प्लाजा मैनेजर मो. इसहाक की तहरीर पर हथिगवां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमे में हत्या के प्रयास, गाली-गलौज, धमकी और लापरवाही से वाहन चलाने सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। मामले में वाहन संख्या UP70GQ4834 और UP70GV2915 के साथ ही अन्य अज्ञात वाहनों को भी शामिल किया गया है।
हाईवे की सर्विस लेन से मिली पहली स्कॉर्पियो मामले की जांच के दौरान हथिगवां पुलिस ने वाहनों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पहली स्कॉर्पियो-एन को बरौंधा अंडरपास के पास परेवा नारायणपुर मोड़, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे की सर्विस लेन से बरामद किया।
इसके बाद दूसरी स्कॉर्पियो-एन को प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र के रूदापुर मलाक हरहर से बरामद किया गया पुलिस ने बरामद दोनों वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर का ई-चालान ऐप के माध्यम से सत्यापन कराया। पंजीकरण संबंधी विवरण सही पाए जाने के बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हथिगवां थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
आबान के जनाजे में शामिल होने प्रयागराज आया था उमर अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद उसके जनाजे में शामिल होने के लिए उमर अहमद को पुलिस कस्टडी में लखनऊ से प्रयागराज लाया गया था।
इसी दौरान सरकारी पुलिस वाहनों के पीछे समर्थकों की कई गाड़ियां काफिले के रूप में चल रही थीं। इसी काफिले के अख्तयारी कोटिला टोल प्लाजा से गुजरने के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस हथिगवां पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस टोल प्लाजा तथा आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बरामद दोनों वाहनों के जरिए भी पुलिस काफिले में शामिल अन्य लोगों और घटना में कथित रूप से शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के समय दोनों बरामद वाहनों में कौन-कौन लोग सवार थे और टोल प्लाजा पर हुई कथित घटना में उनकी क्या भूमिका थी।




