प्रतापगढ़: युवती से मिलने आए अमेठी के युवक का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में बेल्हा देवी मंदिर के पीछे एक बाग में युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में बेल्हा देवी मंदिर के पीछे एक बाग में युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान युवक के पास से मिले बैग, सामान और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान अमेठी जिले के कटरा राजा हिम्मत सिंह क्षेत्र निवासी आशीष सरोज के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है।
हालांकि, पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मान रही है और हर पहलू से जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस के अनुसार, युवक और एक युवती के बीच करीब एक साल से अधिक समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवक अमेठी से युवती से मिलने प्रतापगढ़ के बेल्हा देवी मंदिर आया था, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हुई। युवक ने फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। व्हाट्सएप पर मैसेज भेजने के बाद युवती ने युवक का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।
फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल में जुटी हुई है। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि प्रथम दृष्टिया प्रेम प्रसंग आत्महत्या की आशंका है मामले की जांच पड़ताल की जा रही है परिजनों को सूचना दी गई है।

Janmat News 
