मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित तरणताल (स्विमिंग पूल) की अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता अर्चना कल्याणी ने बच्चों की सुरक्षा, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि तरणताल में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके अलावा महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम बने होने के बावजूद एक ही चेंजिंग रूम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तरणताल में नियुक्त कोच प्रशिक्षित और अनुभवी नहीं हैं, जबकि बच्चों की सुरक्षा के लिए योग्य लाइफगार्ड और महिला कोच की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उनका बच्चा राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व कर चुका है और प्रतियोगिता की तैयारी के लिए अधिक समय तक अभ्यास आवश्यक है, लेकिन वर्तमान में सीमित समय ही दिया जा रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पूर्व में जिला युवा कल्याण अधिकारी को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
डीएम से मांग की गई है कि तरणताल की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराते हुए प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति, बच्चों के अभ्यास का समय बढ़ाने तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।