रायबरेली: महराजगंज में मुस्लिम राजनीतिक जागरूकता संवाद आयोजित, बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक वैमनस्य पर जताई चिंता
उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां विधानसभा क्षेत्र के महराजगंज कस्बे में मुस्लिम राजनीतिक जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां विधानसभा क्षेत्र के महराजगंज कस्बे में मुस्लिम राजनीतिक जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार प्रदेश के सह प्रभारी सुशील पासी मुख्य अतिथि तथा निवर्तमान अल्पसंख्यक कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद उमर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन मोहम्मद अजमल खान, इरशाद आलम और शामिद अशरफ द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि सुशील पासी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक वैमनस्य चिंता का विषय है। उन्होंने सभी वर्गों और धर्मों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व की भी सराहना की।
विशिष्ट अतिथि मोहम्मद उमर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से दलित और मुस्लिम समुदाय प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दोनों समुदायों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजक मोहम्मद अजमल खान ने अपने संबोधन में महंगाई, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने युवाओं से कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की।
इस अवसर पर इरशाद आलम, गुड्डू खान, शामिद अशरफ, शानू प्रधान, शमसाद, मुनीर, अमन पठान, जसीम, समीर खान, चांद बाबू, जुबैर अहमद, वली मोहम्मद, नदीम खान, सरताज, अंसार, जान मोहम्मद, सलमान, महफूज अहमद, हाजी इब्राहिम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


