रायबरेली: गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत

उप्र के रायबरेली जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूरे मालिन गांव के निकट बंगला घाट पर स्नान कर रहे 22 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

रायबरेली: गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूरे मालिन गांव के निकट बंगला घाट पर स्नान कर रहे 22 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान साहिल पुत्र मोहम्मद रईस (22) निवासी पटेल नगर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। साहिल अपने ननिहाल पूरे मालिन गांव में अशरफ पुत्र याकूब के यहां आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, साहिल अपने परिवार के साथ नाव के जरिए पूरे मालिन से आदमपुर घाट होते हुए फतेहपुर जाने के लिए निकला था।

बंगला घाट पर नाव न मिलने के कारण सभी लोग इंतजार करने लगे। इसी दौरान साहिल और उसके साथ मौजूद लोग गंगा स्नान करने लगे। स्नान करते समय साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सरेनी पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरेनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।