सहारनपुर: सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी का 17वां स्थापना दिवस संपन्न, बुजुर्गों ने साझा किए जीवन के अनुभव
उप्र के सहारनपुर जिले में सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी का 17वां स्थापना दिवस रविवार को चमन पैलेस में उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जिले में सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी का 17वां स्थापना दिवस रविवार को चमन पैलेस में उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से सोसाइटी के पंजीकृत वरिष्ठ नागरिक महिला एवं पुरुष सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और नई पीढ़ी को परिवार के बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करने, उनकी भावनाओं को समझने और उनके अनुभवों से सीख लेने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं और उनके अनुभव युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सामाजिक सहभागिता और पीढ़ियों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को समाज तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर मौजूद सभी वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर, बुके और यादगार उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर खुशी नजर आई।



