प्रतापगढ़ में कर्बला की जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम: पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो जेसीबी सील
आईपीएस प्रशांत राज हुड्डा के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देर किए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने कब्जे के लिए उपयोग की जा रही दो जेसीबी मशीनों को मौके पर ही सील कर दिया और अवैध निर्माण के प्रयास को रोक दिया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। नगर कोतवाली क्षेत्र में भूमाफियाओं की कब्जेदारी की कोशिश एक बार फिर सुर्खियों में है। मंगलवार सुबह चिलबिला फ्लाईओवर (कर्बला) के पास कथित रूप से कर्बला की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, करीब सुबह 10 बजे जेसीबी मशीनों की मदद से जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। आईपीएस प्रशांत राज हुड्डा के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देर किए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने कब्जे के लिए उपयोग की जा रही दो जेसीबी मशीनों को मौके पर ही सील कर दिया और अवैध निर्माण के प्रयास को रोक दिया।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस अतिक्रमण प्रयास के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के कारण हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर निगरानी बनाए हुए है और मामले की गहन जांच कर रही है। जमीन की प्रकृति, स्वामित्व और कब्जे की योजना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर धार्मिक या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Janmat News 
