कुशीनगर: वोट चोरी के आरोपों से गरमाई सियासत, लोकतंत्र बचाने सड़क पर उतरे शिक्षक; निकाला मौन जुलूस

उप्र के कुशीनगर जनपद में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की मतगणना में धांधली और वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए शिक्षकों ने मौन जुलूस निकाला।

कुशीनगर: वोट चोरी के आरोपों से गरमाई सियासत, लोकतंत्र बचाने सड़क पर उतरे शिक्षक; निकाला मौन जुलूस
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट 

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। समाज को शिक्षित करने वाले शिक्षक अब खुद लोकतंत्र और मतदान की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इसी क्रम में उप्र के कुशीनगर जनपद में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की मतगणना में धांधली और वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए शिक्षकों ने मौन जुलूस निकाला।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट और अटेवा के बैनर तले शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया और चुनाव आयोग के साथ सरकार से भी जवाब मांगा।

दरअसल, शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री राजीव यादव इस चुनाव में प्रत्याशी थे। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि शुरुआती तीन राउंड की मतगणना में राजीव यादव आगे चल रहे थे, लेकिन चौथे राउंड में मतपत्रों के वरीयता क्रम में छेड़छाड़ कर भाजपा प्रत्याशी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं जिला महामंत्री जुगेश यादव और कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार भौया ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों पर हमला बताया।

प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों ने राष्ट्रपति और केंद्रीय चुनाव आयोग के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

अब सवाल यह है कि शिक्षकों की ओर से लगाए गए इन गंभीर आरोपों की जांच कब होगी और मतगणना की सच्चाई सामने कब आएगी? फिलहाल शिक्षकों ने न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद रखने का संदेश दिया है।