अयोध्या: जन्मभूमि विस्तारीकरण से प्रभावित परिवारों ने लगाई न्याय की गुहार, मुआवजे और पुनर्वास की मांग
उप्र के अयोध्या जनपद मे श्रीराम जन्मभूमि परिसर के विस्तारीकरण के दौरान वर्ष 2021 में प्रभावित हुए परिवारों ने आरोप लगाते हुए एक बार फिर मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद मे श्रीराम जन्मभूमि परिसर के विस्तारीकरण के दौरान वर्ष 2021 में प्रभावित हुए परिवारों ने आरोप लगाते हुए एक बार फिर मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई है। महंत संत दास उर्फ राजेश सिंह मानव के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और ज्ञापन सौंपा।
महंत संत दास ने आरोप लगाया कि 7 सितंबर 2021 को अहिरान मोहल्ले में करीब 12 परिवारों के मकान ध्वस्त कर उन्हें जन्मभूमि परिसर की बाउंड्री में शामिल कर लिया गया, लेकिन आज तक प्रभावित परिवारों को कोई मुआवजा नहीं मिला।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को मुआवजा दिया गया, जबकि गरीब परिवारों को सहायता से वंचित रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से प्रभावित परिवारों को जमीन, आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षण कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


