सीतापुर: मिड-डे मील खाद्यान्न घोटाले में बड़ी कार्रवाई, 20-20 हजार के इनामी आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार
उप्र के सीतापुर जनपद में मिड-डे मील योजना के राशन में हेराफेरी और कालाबाजारी करने वाले आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में मिड-डे मील योजना के राशन में हेराफेरी और कालाबाजारी करने वाले आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार अपराधियों और वांछितों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत रामकोट पुलिस ने खाद्यान्न घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे 20-20 हजार रुपये के इनामी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव के नेतृत्व में रामकोट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नई ग्वाल मंडी, थाना कोतवाली नगर निवासी ठेकेदार रवि मिश्रा और उसकी पत्नी मंजू मिश्रा को दबोच लिया।
आरोपी दंपती पर मिड-डे मील के खाद्यान्न की बड़े पैमाने पर हेराफेरी और कालाबाजारी करने का गंभीर आरोप है, जिसको लेकर थाना रामकोट में धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे, जिन पर पुलिस प्रशासन की ओर से 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रामकोट पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक लालधर प्रसाद, कांस्टेबल सोहन सिंह, रिक्रूट आरक्षी हिमांशु अवस्थी, महिला आरक्षी प्रतिभा गंगवार और रिक्रूट महिला आरक्षी दिव्या त्रिपाठी शामिल रहे, जिन्होंने सटीक सूचना के आधार पर दोनों इनामी दंपती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
बताते चलें कि इस खाद्यान्न घोटाले में अभी 3 दिन पूर्व जिले के प्रभारी मंत्री मनोज पांडे के द्वारा पूर्व में की गई संस्कृत के आधार पर शासन ने सीतापुर जिले के जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव तथा जिला वितरण अधिकारी एस सिंह सिसोदिया को सीतापुर से हटकर शासन में संबंध कर दिया है।



