हरदोई: ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, जुए के विवाद में हुई थी हत्या; 2 आरोपी गिरफ्तार

हरदोई के शाहाबाद इलाके में युवक के ब्लाइंड मर्डर का पाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है और इस मामले में दो आरोपियों को  गिरफ्तार कर लिया है शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।

हरदोई: ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, जुए के विवाद में हुई थी हत्या; 2 आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। यूपी के हरदोई के शाहाबाद इलाके में युवक के ब्लाइंड मर्डर का पाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है और इस मामले में दो आरोपियों को  गिरफ्तार कर लिया है शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है। जुएं के विवाद में यह हत्या की गई थी और शव को गन्ने के खेत मे छिपा दिया गया था।मृतक के भाई ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले का खुलासा करते हुए सीओ शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 को राजपाल मौर्य निवासी ग्राम उधरनपुर थाना शाहाबाद द्वारा थाना शाहाबाद पर मुकदमा दर्ज कराया था कि उसका भाई गौतम उर्फ गबडू घर से खाना खाने के बाद कहीं चला गया था। जिस का शव 2 नवम्बर 2025 को ग्राम बेहटा कोला गांव के बाहर गन्ने के खेत में मिला था।

एसपी अशोक कुमार मीणा के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया था और मृतक के परिजनों से वार्ता कर न्यायोचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था एवं संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।

इसी कड़ी में थाना पाली पुलिस द्वारा प्रकाश में आये दीपक कटियार व अनुज पाल ग्राम उधरनपुर थाना शाहाबाद को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ के दौरान पता चला कि गौतम उर्फ गबडू गांव के ही दीपक कटियार,अनुज पाल व अनीश पाल के साथ बेहटा कोला गांव में जुआ खेलने जा रहे थे। रास्ते में जुआ खेलने के पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद में ही मृतक गौतम उर्फ गबडू के गिरने से सिर में चोट लग गई।

चोट लगने के कारण गौतम उर्फ गबडू ने 112 पर काल लगाना चाहा तो दीपक कटियार अनुज पाल व अनीश पाल ने पकडे जाने के डर के कारण गौतम उर्फ गबडू की हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया था। सीओ ने बताया कि अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।