बरेली: खनन विभाग में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपया लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार

उप्र के बरेली जनपद के खनन विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां 10 हजार रुपया लेते लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूरे दफ्तर में हड़कंप मचा है।

बरेली: खनन विभाग में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपया लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के खनन विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां 10 हजार रुपया लेते लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूरे दफ्तर में हड़कंप मचा है।

दरअसल, बरेली के खनन विभाग में अर्से से तैनात लिपिक को जमा खोरी और क्षेत्र में खनन माफियाओं से वित्तीय सांठगांठ के चलते एंटी करप्शन की टीम ने इस हरफनमौला लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।

टीम ने आरोपी को कार्यालय में ही 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। इस कार्रवाई से खनन विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार किला थाना क्षेत्र के रौठा गांव निवासी वेद प्रकाश का ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज हो गया था। उसे छुड़वाने और जुर्माने से संबंधित पत्रावली जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के नाम पर खनन अधिकारी कार्यालय में तैनात लिपिक महमूद रजा खां ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से कर दी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की ट्रैप टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया।

6 अप्रैल सोमवार दोपहर करीब 12:52 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खनन अधिकारी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई। आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी विभाग में रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।