रामनगरी अयोध्या में नाग पंचमी की धूम, नागेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
राम नगरी अयोध्या में नाग पंचमी के पर्व पर धार्मिक उल्लास चरम पर है। शहर के शिवालयों और सरयू तट पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

अयोध्या/जनमत न्यूज। राम नगरी अयोध्या में नाग पंचमी के पर्व पर धार्मिक उल्लास चरम पर है। शहर के शिवालयों और सरयू तट पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। नागेश्वरनाथ मंदिर में सुबह तीन बजे से ही भक्त जलाभिषेक के लिए कतारों में लगे हुए हैं। मान्यता है कि नागपंचमी पर नागेश्वरनाथ और शेषावतार मंदिर में दर्शन-पूजन करने से सर्पदंश का भय समाप्त हो जाता है। इसी क्रम में लक्ष्मण घाट स्थित शेषावतार मंदिर में नागपंचमी के अवसर पर विशेष झांकी सजाई जा रही है। वहीं, राम की पैड़ी स्थित नागनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया।
नाग पंचमी के पर्व पर श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान कर मंदिरों में जलाभिषेक किया और भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आईजी प्रवीण कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और लगातार घाटों व मंदिरों का निरीक्षण कर रहे हैं।