भाजपा स्थापना दिवस समारोह में विधायक ने पार्टी क़ी विचारधारा पर डाला प्रकाश
भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम और भव्य रूप से मनाया गया। विधायक ओ.पी.श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पूर्वी विधानसभा के पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

लखनऊ/जनमत। लखनऊ पूर्व विधानसभा में रविवार शाम भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम और भव्य रूप से मनाया गया। विधायक ओ.पी.श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पूर्वी विधानसभा के पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
अपने स्वागत भाषण में विधायक ओ.पी.श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हम भारत को एक ऐसा राष्ट्र बनाएं जहाँ हर नागरिक को समान अवसर मिले। जहाँ प्रत्येक वर्ग का सम्मान हो और जहाँ समाज के हर हिस्से की आवाज सुनी जाए। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा का संगठन और भी सशक्त हो और पार्टी के विचार हर भारतीय के दिल में रहें। उन्होंने कहा कि यह एक कठिन रास्ता हो सकता है, लेकिन हम सभी को विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक विस्तार और सफलता हम सबके सामूहिक प्रयासों और समर्पण के कारण ही संभव हुआ है। हम सब मिलकर भारत को एक नया भारत बनाने की दिशा में काम करेंगे।
उन्होंने कहाकि आज भाजपा के स्थापना दिवस पर हमें निरंतर कड़ी मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त करना चाहिए, जिनकी वजह से आज भाजपा को एक मजबूत और विश्वसनीय पार्टी के रूप में जाना जाता है। समाज में व्याप्त असमानता और अन्य बुराईयों को समाप्त करने के लिए भाजपा ने हमेशा कटिबद्धता दिखाई है। चाहे वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई हो, या फिर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सुधार लाने की कोशिश हो, हमारी पार्टी का यह प्रयास रहा है कि हर नागरिक को एक बेहतर और सम्मानजनक जीवन मिले।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से युवा सम्राट एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह जी की उपस्थिति रही। दोनों ही नेताओं ने पूर्वी विधानसभा के विधायक द्वारा आयोजित भाजपा की स्थापना दिवस समारोह एवं लखनऊ महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष आनंद द्विवेदी जी के स्वागत समारोह की अपने उद्बोधन में भूरि-भूरि प्रशंसा की।
लखनऊ महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष आनंद द्विवेदी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर लखनऊ पूर्वी विधानसभा के चारों मंडल अध्यक्षों व पार्षदों ने बड़ी-बड़ी माला व प्रतीक चिन्ह देखकर उनका स्वागत किया भारतीय जनता पार्टी के नारे लगे। स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने इंदिरा नगर के सभी चौराहों को भगवा रंग के झंडों से सजाया था जगह-जगह स्वागत में होर्डिंग और बैनर लगाए गए थे पूरा इंदिरा नगर क्षेत्र लखनऊ महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष के स्वागत में रमा हुआ नजर आ रहा था।
पूर्वी विधानसभा में पहली बार नई मंच संस्कृति का निर्वाह हुआ। मंच पर सेक्टर संयोजक, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष जिस वार्ड में कार्यक्रम था उसके पार्षद और मुख्य अतिथि को मंच पर जगह दी गई।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि त्याग, तपस्या और समर्पण की भावना, मैं की जगह मेरा और पार्टी से बढ़ाकर देश की विचारधारा के साथ भारतीय जनता पार्टी का विकास हुआ है। पार्टी कार्यकर्ताओं को उनक़ी कार्य संस्कृति बताते हुए नीरज सिंह जी ने कहा कि एक कार्यकर्ता को हर एक दरवाजे तक जाकर जनता की आवाज बनने का काम करना होगा। कार्यकर्ता के संकल्प को पूरा करने का कार्य करना होगा, सेवा से ओतप्रोत होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी सभी नेताओं पर आय से अधिक पैसा लेने के आरोप लगे है लेकिन भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच में कार्य कर रही है और हमारे नेताओं पर किसी प्रकार का कोई दाग आज तक नहीं लग पाया है। उन्होंने कहा कि इन्हीं संकल्पों से आज देश का प्रतिनिधित्व संभाल रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 11 वर्षों में विकास की एसी गाथा लिखी है जिसकी दुनिया भर में चर्चा होती है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने अंदर अचार, विचार, संस्कार को समाहित करना होगा। यह विचारधारा केवल भारतीय जनता पार्टी में ही मिल सकती है और किसी अन्य राजनीतिक दल में नहीं।