सीतापुर: सपा राष्ट्रीय सचिव के मकान सहित 27 भवनों पर नोटिस चस्पा, 24 जुलाई तक मांगा जवाब

उप्र के सीतापुर जनपद में तहसील प्रशासन की कार्रवाई से शिवपुरी कॉलोनी में हलचल मच गई। सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता के मकान सहित करीब 27 भवनों पर जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर नोटिस चस्पा किया गया।

सीतापुर: सपा राष्ट्रीय सचिव के मकान सहित 27 भवनों पर नोटिस चस्पा, 24 जुलाई तक मांगा जवाब
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में तहसील प्रशासन की कार्रवाई से शिवपुरी कॉलोनी में हलचल मच गई। सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता के मकान सहित करीब 27 भवनों पर जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर नोटिस चस्पा किया गया।

प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि के स्वामित्व का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए सभी भवन स्वामियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है।

सदर तहसील प्रशासन की टीम शिवपुरी कॉलोनी पहुंची और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता के मकान समेत आसपास बने करीब 27 भवनों पर नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

प्रशासन के मुताबिक जिस लगभग 25 बीघा भूमि पर ये भवन बने हैं, वह राजस्व अभिलेखों में ग्राम छावनी गोरा बारीक के नाम दर्ज है। भूमि के स्वामित्व का मामला जिलाधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है। नोटिस में सभी भवन स्वामियों को 24 जुलाई तक जिलाधिकारी न्यायालय में उपस्थित होकर अपने स्वामित्व से संबंधित अभिलेख और पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सदर एसडीएम डॉ. जनार्दन ने बताया कि जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नियमानुसार नोटिस चस्पा किए गए हैं। सभी संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर दिया जाएगा, जिसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।