कुशीनगर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी, चार महिलाओं की मौत

महराजगंज जिले के बड़हरा गांव के कई श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से भैंसहा दुर्गा मंदिर में लगने वाले मेले में शामिल होने जा रहे थे। यह मंदिर नारायणी नदी के किनारे स्थित है। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई।

कुशीनगर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी, चार महिलाओं की मौत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —

कुशीनगर/जनमत न्यूज। जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से चार महिलाओं की मौत हो गई। यह हादसा खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल के पास उस समय हुआ जब श्रद्धालु मेले में शामिल होने जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महराजगंज जिले के बड़हरा गांव के कई श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से भैंसहा दुर्गा मंदिर में लगने वाले मेले में शामिल होने जा रहे थे। यह मंदिर नारायणी नदी के किनारे स्थित है। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई।

हादसे में घायल श्रद्धालुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात चार महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मीरा देवी, विमला देवी, किसमति देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है। चारों महिलाएं महराजगंज जिले के बड़हरा गांव की रहने वाली थीं।

घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। कुशीनगर प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं जिला अस्पताल पहुंचकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना।

परिजनों के अनुसार हादसे की वजह ट्रैक्टर चालक का अचानक ध्यान भटकना बताया जा रहा है। बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर के किनारे मुड़ने वाली थी, लेकिन चालक आगे निकल गया। पीछे बैठे किसी व्यक्ति ने रास्ता छूटने की आवाज लगाई, जिस पर चालक पीछे देखने लगा। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगाने से ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में पलट गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना महराजगंज प्रशासन को भी दे दी गई है। प्रशासन की ओर से राहत और उपचार कार्य जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार मुस्तैद है।