प्रतापगढ़ में ट्रैफिक सिपाही पर तलवार से हमला, हालत गंभीर; पुलिस ने शुरू की जांच
उप्र के औरैया प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम चिलबिला चौराहे के पास ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के आरक्षी अरुण मौर्य पर अज्ञात हमलावरों ने तलवार से हमला कर दिया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम चिलबिला चौराहे के पास ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के आरक्षी अरुण मौर्य पर अज्ञात हमलावरों ने तलवार से हमला कर दिया।
इस हमले में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हमलावरों ने सिपाही अरुण मौर्य पर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल आरक्षी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटना पर चिंता व्यक्त की है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Janmat News 
