दुकानों से जब्त हुए 10 ड्रोन खिलौना डिवाइस, अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की सख्ती

थाना सुरियावां क्षेत्र में पुलिस ने विभिन्न दुकानों से कुल 10 ड्रोन इलेक्ट्रॉनिक खिलौना डिवाइस कब्जे में लिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इन डिवाइसों से चोरी या रेकी जैसी गतिविधियां संभव नहीं हैं।

दुकानों से जब्त हुए 10 ड्रोन खिलौना डिवाइस, अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की सख्ती
REPORTED BY - ANAND TIWARI, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

भदोही/जनमत न्यूज। थाना सुरियावां क्षेत्र में पुलिस ने विभिन्न दुकानों से कुल 10 ड्रोन इलेक्ट्रॉनिक खिलौना डिवाइस कब्जे में लिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इन डिवाइसों से चोरी या रेकी जैसी गतिविधियां संभव नहीं हैं। यह महज चाइनीज इलेक्ट्रॉनिक खिलौने हैं, जिनमें केवल रंग-बिरंगी लाइटें लगी होती हैं। इनमें न तो कैमरा होता है और न ही कोई चुंबकीय तत्व।

पुलिस की तकनीकी टीम ने भी पुष्टि की है कि इस प्रकार के ड्रोन खिलौनों का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए किया जाता है। बावजूद इसके, कुछ अराजकतत्व इन्हें उड़ाकर आम लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे थे।

जांच के दौरान पुलिस ने सूरज स्पोर्ट्स सेंटर से 2, हर्ष जायसवाल पुत्र मनोज जायसवाल की दुकान से 5 और मुकेश स्पोर्ट्स पुत्र स्वर्गीय प्रेमचंद निवासी कस्बा सुरियावां की दुकान से 3 ड्रोन खिलौना डिवाइस बरामद किए। दुकानदारों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा इस प्रकार की गतिविधियां पाई गईं तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या 112 पर सूचना दें।