बलरामपुर: टैलेंटेक्स परीक्षा में 103 विद्यार्थियों ने परखी अपनी मेधा, एलेन ग्रुप की द्वारा किया गया आयोजन
उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला में स्थित टाइनी टॉट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल उतरौला में रविवार को एलेन टैलेंटेक्स परीक्षा का आयोजन किया गया।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला में स्थित टाइनी टॉट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल उतरौला में रविवार को एलेन टैलेंटेक्स परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के कुल 103 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा का आकलन करने, उनकी तार्किक क्षमता को परखने तथा भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उन्हें जागरूक एवं प्रोत्साहित करना रहा।
परीक्षा एलेन ग्रुप से आए अथर्व द्विवेदी की देखरेख में संपन्न हुई। विद्यालय के अध्यापक अनिल कुमार गुप्ता ने परीक्षा के कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभाई और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रश्नों को हल किया।
एलेन टैलेंटेक्स विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा परखने और राष्ट्रीय स्तर पर अन्य विद्यार्थियों के साथ अपनी शैक्षणिक क्षमता का आकलन करने का अवसर प्रदान करने वाली परीक्षा है।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का स्तर समझने तथा भविष्य में बेहतर शैक्षणिक लक्ष्य निर्धारित करने में मदद मिलती है। परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर निर्धारित नियमों के अनुसार छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार के अवसर भी उपलब्ध हो सकते हैं।
विद्यालय के डायरेक्टर सैफ अली ने इस प्रकार की परीक्षाओं को विद्यार्थियों के सर्वांगीण शैक्षणिक विकास के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना, आत्मविश्वास और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर मिलता है।
विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रतिभा मूल्यांकन परीक्षाओं में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाए, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।



