जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया नहर का लोकार्पण, किसानों को मिलेगा लाभ

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को कन्नौज जिले के छिबरामऊ कस्बे पहुंचे। यहां उन्होंने नहर जल सिंचाई योजना के तहत बनी नहर का लोकार्पण किया।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया नहर का लोकार्पण, किसानों को मिलेगा लाभ
REPORTED BY - ASHWANI PATHAK, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कन्नौज/जनमत न्यूज। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को कन्नौज जिले के छिबरामऊ कस्बे पहुंचे। यहां उन्होंने नहर जल सिंचाई योजना के तहत बनी नहर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नहर से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी सिंचाई की समस्याओं का समाधान होगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को समृद्ध बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इटावा प्रकरण को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “जो भी दोषी होगा, उस पर कानून कार्रवाई कर रहा है। कानून जात नहीं देखता, व्यक्ति नहीं देखता। दोषी किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

सपा सरकार पर हमला बोलते हुए जल शक्ति मंत्री ने कहा, “सपा ने जब-जब सरकार बनाई, न लाइट थी, न सड़क थी। गुंडागर्दी चरम सीमा पर थी। लेकिन हमारी सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है और गुंडाराज पर लगाम लगाई है।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंत्री ने उपस्थित किसानों से संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को सुना।