औरैया के सेंगुर नदी में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

उप्र के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के जुआ गांव निवासी 30 वर्षीय युवक की सेंगुर नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक गुरुवार को गांव के किनारे स्थित नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था।

औरैया के सेंगुर नदी में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के जुआ गांव निवासी 30 वर्षीय युवक की सेंगुर नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक गुरुवार को गांव के किनारे स्थित नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था।

देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह नदी किनारे उसका शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, जुआ गांव निवासी प्रेमा नंद (30) पुत्र शंकर लाल गुरुवार को मछली पकड़ने के लिए गांव के पास से निकली सेंगुर नदी पर गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

शाम होने पर जब वह वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन पूरी रात उसकी तलाश को लेकर परेशान रहे।

शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने नदी किनारे युवक का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

बताया गया कि मृतक प्रेमानंद अविवाहित था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।