युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत, ऐसे आयोजन समाज को देते हैं नई दिशा: मंत्री धर्मवीर प्रजापति

उप्र के औरैया जनपद के ब्लॉक सभागार में रविवार को युवा जागरूकता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत, ऐसे आयोजन समाज को देते हैं नई दिशा: मंत्री धर्मवीर प्रजापति
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के ब्लॉक सभागार में रविवार को युवा जागरूकता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। देश के विकास, प्रगति और सामाजिक परिवर्तन की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह जैसे आयोजन युवाओं को प्रेरणा देने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। हर युवा को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि शिक्षा, संस्कार और अनुशासन को अपनाकर आगे बढ़ें, तो भारत विश्व में और अधिक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। सरकार युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पंकज मिश्रा सहित कई स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

ब्लॉक सभागार में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।