नववर्ष पर सुरक्षा चाक-चौबंद: औरैया में पुलिस अधीक्षक खुद सड़कों पर उतरे, दिया भयमुक्त माहौल का भरोसा
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि नववर्ष का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे निडर होकर नववर्ष का स्वागत करें, पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया / जनमत न्यूज। नववर्ष की पूर्व संध्या पर जनपद औरैया में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। तैयारियों का स्वयं जायजा लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती व अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न मार्गों पर पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि नववर्ष का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे निडर होकर नववर्ष का स्वागत करें, पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक जनपद का आखिरी व्यक्ति, चाहे वह महिला हो, पुरुष हो या बच्चा, अपने घर सुरक्षित नहीं पहुंच जाता, तब तक पुलिस मैदान में तैनात रहेगी।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की हर कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर के मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को भी मजबूत बनाया गया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
नववर्ष के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग मिलजुल कर शांति और सौहार्द के वातावरण में पर्व मनाएं। पुलिस प्रशासन हमेशा जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर है।


