मिशन शक्ति के तहत ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ दौड़ प्रतियोगिता आयोजित, छात्राओं को किया गया जागरूक

दिबियापुर थाना की पुलिस टीम और महिला थाना प्रभारी की मौजूदगी में छात्राओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।

मिशन शक्ति के तहत ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ दौड़ प्रतियोगिता आयोजित, छात्राओं को किया गया जागरूक
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया के दिबियापुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में छात्राओं के लिए ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के दिबियापुर थाना की पुलिस टीम और महिला थाना प्रभारी की मौजूदगी में छात्राओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या संकट की स्थिति में वे तुरंत पुलिस और हेल्पलाइन नंबरों की मदद ले सकती हैं।

इस दौरान छात्राओं को 1090, 112, 181, 1098 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

दौड़ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।