औरैया में सिपाही की पत्नी को ट्रक ने कुचला, मौत; ड्यूटी पर जाते समय हादसा

औरैया जनपद में आज सोमवार सुबह औरैया-कानपुर मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के सिपाही शिवम सिंह की पत्नी शिवी राजावत (लगभग 24) की मौत हो गई।

औरैया में सिपाही की पत्नी को ट्रक ने कुचला, मौत; ड्यूटी पर जाते समय हादसा
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में आज सोमवार सुबह औरैया-कानपुर मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के सिपाही शिवम सिंह की पत्नी शिवी राजावत (लगभग 24) की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई।

शिवम सिंह वर्तमान में कानपुर नगर में यातायात विभाग में तैनात हैं। वह अपनी पत्नी शिवी राजावत के साथ छुट्टी बिताने के बाद औरैया के चिरूहूली कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने घर से कानपुर ड्यूटी पर वापस जा रहे थे। दंपती बुलेट पर सवार थे। जैसे ही दोनों मोहन ढाबा पुरवा रहट के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि शिवी राजावत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सिपाही को मामूली चोट आई है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि ट्रक चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।

 पुलिस टीम चालक की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद खबर की सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।