बलरामपुर में विशाल अजगर से गांव में दहशत, ग्रामीणों ने वन विभाग से रेस्क्यू की मांग की

बीते दो दिनों से लगातार गांव के बाहर जंगल से सटे इलाके में अजगर दिखाई दे रहा है। कभी वह झाड़ियों में छिपा नजर आता है तो कभी खुले क्षेत्र में रेंगता हुआ दिखाई देता है।

बलरामपुर में विशाल अजगर से गांव में दहशत, ग्रामीणों ने वन विभाग से रेस्क्यू की मांग की
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। जनपद के ग्राम पंचायत नंद नगर जुम्मनडीह में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर एक विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में भय साफ नजर आ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बीते दो दिनों से लगातार गांव के बाहर जंगल से सटे इलाके में अजगर दिखाई दे रहा है। कभी वह झाड़ियों में छिपा नजर आता है तो कभी खुले क्षेत्र में रेंगता हुआ दिखाई देता है। इस वजह से ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि अजगर आबादी की ओर बढ़ा तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने अजगर की सूचना वन विभाग को दी है और तत्काल रेस्क्यू कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि खेतों और जंगल के रास्तों से रोजाना महिलाएं, किसान और बच्चे आवागमन करते हैं, जिससे हर समय खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी अपील की है।

इस संबंध में वन विभाग के कर्मचारी शत्रुघ्न ने बताया कि अजगर फिलहाल गांव के बाहर दिखाई दिया है और किसी के घर या आंगन में नहीं घुसा है। हालांकि इस बयान से ग्रामीणों की चिंता कम होने के बजाय और बढ़ गई है। उनका कहना है कि गांव के बाहर भी अजगर की मौजूदगी जानलेवा साबित हो सकती है।

फिलहाल ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की जा रही है। गांव के लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द अजगर को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने की मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।