मां कामाख्या धाम में भव्य चुनरी यात्रा, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने किया पूजन-अर्चन
शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर अयोध्या के समीप स्थित मां कामाख्या भवानी मंदिर में भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में हजारों महिलाएं नंगे पैर शामिल हुईं और मां कामाख्या भवानी को 300 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की।
अयोध्या/जनमत न्यूज। शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर अयोध्या के समीप स्थित मां कामाख्या भवानी मंदिर में भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में हजारों महिलाएं नंगे पैर शामिल हुईं और मां कामाख्या भवानी को 300 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में भक्तों का उत्साह और आस्था देखते ही बनती थी।
मां कामाख्या धाम न्यास और स्थानीय विधायक रामचंद्र यादव के प्रयासों से यह आयोजन संभव हो सका। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजन-अर्चन और कन्या पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कन्याओं को भोजन भी कराया।
अयोध्या से लगभग 70 किलोमीटर दूर सुनवा के जंगल में स्थित मां कामाख्या भवानी धाम का योगी सरकार के प्रयासों से सुंदरीकरण किया गया है और नगर पंचायत का गठन हुआ है। आज यह धाम न सिर्फ आस्था का केंद्र है बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी प्रमुख स्थान बन चुका है, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।
एशिया कप फाइनल में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर अपर्णा यादव ने कहा कि मां कामाख्या के आशीर्वाद से भारत अवश्य विजयी होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार "सबका साथ, सबका विकास" की राह पर चलते हुए 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।

Janmat News 
