AAP नेता संजय सिंह ने जनता के नाम जारी किया पत्र, बेरोज़गारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा
उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नई हलचल देखने को मिल रही है, जहां आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने प्रदेश की जनता के नाम एक भावुक और सवालों से भरा पत्र जारी किया है।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र की सियासत में एक नई हलचल देखने को मिल रही है, जहां आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने प्रदेश की जनता के नाम एक भावुक और सवालों से भरा पत्र जारी किया है।
इस पत्र के जरिए उन्होंने बेरोज़गारी, सामाजिक भेदभाव और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा है और जनता से साथ आने की अपील की है। इसी कड़ी में “रोजगार दो सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा की शुरुआत 3 अप्रैल से आगरा के शहीद स्मारक, संजय पैलेस से होने जा रही है।
आम आदमी पार्टी की यह पदयात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज़ को बुलंद करने का एक बड़ा अभियान बताया जा रहा है। पहले दिन किदवई पार्क में सभा और अगरावन में रात्रि विश्राम के बाद यह यात्रा खंदौली, हाथरस होते हुए मथुरा की ओर बढ़ेगी।
रास्ते में जगह-जगह जनसंवाद के जरिए लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। 5 और 6 अप्रैल को सादाबाद और बलदेव रोड पर रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को महावन, गोकुल और कृष्णा नगर जैसे क्षेत्रों में यात्रा पहुंचेगी, जहां बढ़ते जनसमर्थन के साथ यह अभियान और तेज होता नजर आएगा। 9 अप्रैल को कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के समीप इस्लामिया इंटर कॉलेज में एक विशाल जनसभा के साथ इस पदयात्रा का समापन होगा।
संजय सिंह ने अपने पत्र में युवाओं, किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों की समस्याओं को उठाते हुए कहा है कि अब समय आ गया है कि लोग अपने हक के लिए एकजुट हों।
यह पदयात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार, समान अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए एक जनआंदोलन है। आप सभी से अपील है कि इस मुहिम का हिस्सा बनें, अपनी आवाज़ उठाएं और बदलाव की इस पहल को मजबूत करें।

Janmat News 
