विवादित बयान मामले में आम आदमी पार्टी नेता सोमनाथ भारती रायबरेली अदालत में हुए पेश
दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सोमनाथ भारती गुरुवार को रायबरेली की एमपी–एमएलए विशेष अदालत में पेश हुए। बीते दिनों अदालत द्वारा गैर ज़मानती वारंट जारी किए जाने के बाद उन्होंने आज अदालत में हाजिरी दी।
रायबरेली/जनमत न्यूज। दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सोमनाथ भारती गुरुवार को रायबरेली की एमपी–एमएलए विशेष अदालत में पेश हुए। बीते दिनों अदालत द्वारा गैर ज़मानती वारंट जारी किए जाने के बाद उन्होंने आज अदालत में हाजिरी दी। यह मामला वर्ष 2021 में दिए गए एक विवादित बयान से संबंधित है।
अदालत से बाहर मीडिया से बातचीत में भारती ने कहा कि, उस समय उन पर स्याही फेंकी गई थी, लेकिन पुलिस ने उस व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा, हरचंदपुर से तत्कालीन विधायक राकेश प्रताप सिंह ने उसे ₹51,000 का इनाम दिया था। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन और सरकार की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली को उजागर करती है।
सोमनाथ भारती ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा राजनीतिक द्वेष से प्रेरित था और वे अदालत से न्याय की उम्मीद रखते हैं। गौरतलब है कि 11 जनवरी 2021 को रायबरेली जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान भारती ने अस्पताल परिसर में कुत्ते के बच्चे दिखने पर विवादित टिप्पणी की थी कि “अस्पताल में कुत्तों के बच्चे ज्यादा पैदा हो रहे हैं।”
इस टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद शहर कोतवाली में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पहले पेश न होने पर अदालत ने गैर ज़मानती वारंट जारी किया था, जिसके बाद आज वे पेश हुए। मामला वर्तमान में जिला एवं सत्र न्यायालय रायबरेली में विचाराधीन है।

Janmat News 
