25 हजार का इनामी अंतर्जनपदीय आरोपी गिरफ्तार, सांगीपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

पुलिस के अनुसार अमन सिंह के खिलाफ जनपद प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में हत्या का प्रयास, चोरी, छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 06 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

25 हजार का इनामी अंतर्जनपदीय आरोपी गिरफ्तार, सांगीपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़ / जनमत न्यूज। जनपद प्रतापगढ़ के थाना सांगीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अंतर्जनपदीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अमावा बॉर्डर के पास से दबोचा गया, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अमन सिंह के खिलाफ जनपद प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में हत्या का प्रयास, चोरी, छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 06 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस काफी समय से प्रयासरत थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमावा बॉर्डर के पास घेराबंदी कर अभियुक्त अमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।