सम्भल में दुष्कर्म का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी भी घायल

आरोपी थाना चन्दौसी में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

सम्भल में दुष्कर्म का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी भी घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

सम्भल/जनमत न्यूज। जनपद सम्भल के थाना चन्दौसी क्षेत्र में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान हुई कई राउंड फायरिंग में आरोपी के साथ दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी नसीम पुत्र जमील अहमद निवासी गोलागंज, थाना चन्दौसी, पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। उस पर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़िता अपने पति के साथ गांव पतरोआ स्थित एक ईंट-भट्टे पर रह रही थी, जहां आरोपी ने घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चन्दौसी पुलिस आटा मॉल के सामने वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी इस्लामनगर लिंक रोड की ओर पहुंच गया और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

चन्दौसी क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी थाना चन्दौसी में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।