उरई डीएम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
उप्र के उरई जनपद में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण एवं बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मडोरा का औचक निरीक्षण किया।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण एवं बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मडोरा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनका हालचाल जाना। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने एवं अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
विद्यालय में भोजन व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने रोटी बनाने की मशीन (रोटी मेकर) स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तत्काल एक वाटर कूलर स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, रसोईघर एवं शौचालयों सहित पूरे परिसर में नियमित एवं उच्चस्तरीय साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, अध्यापिकाएं सहित संबंधित आदि मौजूद रहे।


