बहराइच: बहन को लिवाने पहुंचे युवक पर जीजा ने तलवार से किया जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

उप्र के जनपद बहराइच के थाना नवाबगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अपनी बहन को ससुराल से वापस लिवाने पहुंचे एक युवक पर उसके सगे जीजा और ससुराल पक्ष के लोगों ने तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।

बहराइच: बहन को लिवाने पहुंचे युवक पर जीजा ने तलवार से किया जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद बहराइच के थाना नवाबगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अपनी बहन को ससुराल से वापस लिवाने पहुंचे एक युवक पर उसके सगे जीजा और ससुराल पक्ष के लोगों ने तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष का रोंगटे खड़े कर देने वाला एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम मटेरा निवासी प्रार्थी मकसूद खान पुत्र रसीद खान नवाबगंज थाना क्षेत्र के केवलपुर (केशवपुर) गांव में अपनी बहन की विदाई कराने के लिए उसके ससुराल गया था।

आरोप है कि वहाँ पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक के जीजा अंसार अली, अमजद अली और अनवर अली ने उसे सरेआम सड़क पर घेर लिया।

पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर और वायरल सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी पर धारदार तलवार और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर तलवार से पीटा जा रहा है।

इस जानलेवा हमले में युवक के दोनों हाथ कट गए हैं और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब हाईवे से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर दौड़े, तो आरोपी युवक को अधमरा छोड़कर और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल मकसूद खान को राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने नवाबगंज थाने में नामजद लिखित तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने और प्रार्थी की शिकायत के बाद हरकत में आई नवाबगंज थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।