बलरामपुर: एटीएम कार्ड चोरी कर करीब 9 लाख रुपये निकालने वाला आरोपी गिरफ्तार, खरीदा गया सामान बरामद
उप्र के बलरामपुर जनपद की थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद की थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 77,500 रुपये नकद, चोरी किया गया एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, एसी, टीवी, कूलर समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, पूरबटोला पश्चिमी निवासी प्रेम कुमार मिश्रा ने 20 अगस्त को थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर में पूर्व में नौकर के रूप में काम कर चुका सलमान उर्फ मन्ना पुत्र रियाज, निवासी पूरबटोला पश्चिमी, उनका एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालकर खर्च कर चुका है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 अगस्त को सलमान उर्फ मन्ना (24 वर्ष) को सुआवनाला से गेल्हापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया मामला।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने धोखाधड़ी कर एटीएम का पिन जान लिया था और खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए।
निकाली गई रकम से उसने टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एलजी कंपनी का एसी, सैमसंग टीवी, समरकूल कूलर, हैवेल्स टुल्लू पंप और मोबाइल फोन खरीदे तथा घर बनवाने में भी रुपये खर्च किए।
आरोपी की तलाशी के दौरान एक काले रंग के पिट्ठू बैग से एचडीएफसी बैंक का रुपे एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद और मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी थाना निरीक्षक कन्हई प्रसाद, उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा तथा कांस्टेबल विनय प्रताप सिंह, नीरज यादव, हीरालाल, शुभम तिवारी और विजय बहादुर शामिल रहे।







