गंगा पुल से युवक ने लगाई छलांग, गोताखोर की सूझबूझ से बची जान

बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले लगभग छह वर्षों से मायके में रह रही थी और इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।

गंगा पुल से युवक ने लगाई छलांग, गोताखोर की सूझबूझ से बची जान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चंदौली/जनमत न्यूज। चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित गंगा पुल से एक युवक द्वारा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। हालांकि मौके पर मौजूद गोताखोर की बहादुरी और तत्परता से युवक की जान बचा ली गई।

जानकारी के अनुसार युवक ने अचानक गंगा पुल से नदी में छलांग लगा दी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद गोताखोर और नाविकों की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। गोताखोर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नाव के माध्यम से नदी में पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बलुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को प्राथमिक उपचार के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले लगभग छह वर्षों से मायके में रह रही थी और इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा होती रही।