पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, चली गोलियां, दो लोग गंभीर घायल
घटना में दो लोगों को गोली लगने की सूचना है। बताया जा रहा है कि एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे व्यक्ति के कंधे में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट —
महराजगंज / जनमत न्यूज। जनपद महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लेहड़ा चौकी के बिशुनपुर अदरौना ग्राम सभा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
घटना में दो लोगों को गोली लगने की सूचना है। बताया जा रहा है कि एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे व्यक्ति के कंधे में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसे लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Janmat News 
