बुलंदशहर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो शातिर आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार

6 अप्रैल को कैप्टन होटल के बाहर दो लोगों को गोली मारने की घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। मामले में लगातार तलाश की जा रही थी।

बुलंदशहर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो शातिर आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल हो गए। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों की पहचान यश और गगन के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल को कैप्टन होटल के बाहर दो लोगों को गोली मारने की घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। मामले में लगातार तलाश की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिकंदराबाद क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने गुलावठी अंडरपास के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अवैध पिस्टल, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।