चन्दौली: बलदेव यादव के परिजनों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष; ₹1 करोड़ मुआवजा, सरकारी नौकरी की मांग
उप्र के चन्दौली जनपद के नई दांडी निवासी बलदेव यादव उर्फ झिंगुरी की मार्ग चौड़ीकरण के दौरान हुई दर्दनाक मौत के बाद सोमवार को उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के नई दांडी निवासी बलदेव यादव उर्फ झिंगुरी की मार्ग चौड़ीकरण के दौरान हुई दर्दनाक मौत के बाद सोमवार को उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया और दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अजय राय ने कहा कि प्रशासन ने घटना के बाद पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया और मृतक के परिजनों को समय पर सही जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई।
उन्होंने बताया कि बलदेव यादव पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी में पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे थे। माता काली मंदिर के शिखर को हटाने के दौरान हुई दुर्घटना में उनकी जान चली गई, जो बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इस हादसे को रोका जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण एक मेहनतकश व्यक्ति की जान चली गई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का हाई पावर डेलिगेशन भी पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, धर्मेंद्र तिवारी, आनंद शुक्ला, गब्बर हाशमी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


