कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र के महुआ नगला में काली नदी में दिखा मगरमच्छ, किसानों में मची भगदड़
उप्र के कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र के महुआ नगला गांव के पास बह रही काली नदी में उस समय हड़कंप मच गया, जब किसानों ने नदी में एक मगरमच्छ को तैरते हुए देखा।
कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट
कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र के महुआ नगला गांव के पास बह रही काली नदी में उस समय हड़कंप मच गया, जब किसानों ने नदी में एक मगरमच्छ को तैरते हुए देखा। खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ कुछ देर तक नदी किनारे मंडराता रहा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो में नदी के बीचों-बीच एक बड़ा मगरमच्छ साफ नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि काली नदी में पहले भी जंगली जीव देखे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन रिहायशी इलाके के इतने करीब मगरमच्छ दिखाई देना चिंता का विषय है। किसानों ने वन विभाग को सूचना दे दी है और सुरक्षा की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
फिलहाल वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और स्थिति का जायजा लेने की जानकारी मिल रही है। ग्रामीणों को नदी किनारे न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Janmat News 
