रायबरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, लखनऊ रेफर
उप्र के रायबरेली जिले में प्रतिबंध के बावजूद बिक रहे चाइनीज मांझे से एक बार फिर गंभीर हादसा सामने आया है। मिल एरिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक का गला चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले में प्रतिबंध के बावजूद बिक रहे चाइनीज मांझे से एक बार फिर गंभीर हादसा सामने आया है। मिल एरिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक का गला चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गया। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के बरवारी पुर निवासी युवक इरशाद किसी काम से शहर आए थे। देर शाम जब वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी मलिक मऊ ओवरब्रिज के पास हवा में लहराता चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया।
बाइक की गति के कारण मांझे से उनके गले में गहरा घाव हो गया और वह सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, युवक के गले में गहरा कट लगा है और काफी रक्तस्राव हुआ है। जिले में चाइनीज मांझे से हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल है।

Janmat News 
