घबराइए मत, आपकी हर समस्या का कराएंगे समाधान : सीएम योगी
जनता से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने कहा, “घबराइए मत, आपकी समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराएंगे। सरकार सबकी समस्या दूर करने के लिए संकल्पित है।”

गोरखपुर/जनमत न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने कहा, “घबराइए मत, आपकी समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराएंगे। सरकार सबकी समस्या दूर करने के लिए संकल्पित है।”
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि यदि किसी मामले में पीड़ित को लगातार परेशानी उठानी पड़ी है तो उसकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
जनता दर्शन में अधिकांश लोग महिलाएं थीं। मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों तक जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र अधिकारियों को हस्तगत कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। जमीन कब्जाने की शिकायतों पर उन्होंने कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इलाज में धन की कमी किसी के लिए बाधक नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों से इस्तीमेट प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजी जाए, जिससे मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद तुरंत उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए।